अमरीका के आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस अनुसंधान संगठन- ओपनएआई ने कहा है कि उसने अमरीकी युद्ध विभाग के साथ एक समझौता किया है।
इसके अंतर्गत अमरीकी रक्षा एजेंसी के गोपनीय नेटवर्क में ओपनएआई के एआई मॉडल का सुरक्षा उपायों के साथ उपयोग किया जाएगा। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के एआई कम्पनी एंथ्रोपिक को ब्लैकलिस्ट किए जाने के बाद यह समझौता हुआ है।
ओपनएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सैम अल्टमैन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि समझौते में बड़े पैमाने पर निगरानी पर रोक लगाने वाले प्रावधान शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि रक्षा विभाग ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया है। श्री अल्टमैन ने कहा कि एआई की सुरक्षा और लाभों को बांटना ओपनएआई मिशन का मुख्य उद्देश्य है।