फ़रवरी 5, 2026 11:11 पूर्वाह्न

printer

अमरीका और रूस के बीच परमाणु हथियार नियंत्रण समझौता समाप्त, रूस ने कहा- दोनों पक्ष अब स्वतंत्र

अमरीका और रूस के बीच नई रणनीतिक हथियार कटौती संधि की समय सीमा कल समाप्त हो गई। इससे वैश्विक सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं। 2010 में हस्ताक्षरित और 2026 तक विस्तारित इस संधि के अंतर्गत तैनात परमाणु हथियारों और रणनीतिक वितरण प्रणालियों को सीमित किया गया था। यह संधि 5 फरवरी, 2011 को लागू हुई थी, जिसकी मूल वैधता अवधि 10 वर्ष थी और बाद में इसे 5 फरवरी, 2026 तक बढ़ा दिया गया था।

रूस के विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्ष अब संधि के प्रावधानों से बंधे नहीं हैं और अपने अगले कदम तय करने के लिए स्वतंत्र हैं। मंत्रालय ने कहा कि रूस को 5 फरवरी को संधि की समाप्ति के बाद परमाणु हथियारों की सीमा पर स्वैच्छिक प्रतिबंध को बढ़ाने की रूस की पहल पर अमेरिका से कोई औपचारिक आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने जनवरी में कहा था कि उन्हें संधि की समाप्ति की चिंता नहीं है और उन्होंने उम्मीद जताई थी कि दोनों पक्ष एक नए समझौते पर पहुंचेंगे।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरस ने इस समाप्ति को अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए बहुत गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि यह आधी सदी से अधिक समय में पहली बार है कि दोनों देशों के रणनीतिक परमाणु शस्त्रागारों पर कोई बाध्यकारी सीमा नहीं है, जिनके पास मिलकर वैश्विक परमाणु हथियारों का बहुमत है। श्री गुतरस  ने दोनों देशों से बातचीत करने और जोखिमों को कम करने तथा सत्यापन योग्य सीमाओं को बहाल करने के लिए एक उत्तराधिकारी ढांचा तैयार करने का आग्रह किया।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला