यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास ने कहा है कि अमरीका और रूस के बीच किसी भी समझौते में यूक्रेन और यूरोपीय संघ को शामिल किया जाना चाहिए, क्योंकि दोनों देश यूक्रेन में संघर्ष विराम के संभावित समाधान पर बातचीत की तैयारी कर रहे हैं।
नीति प्रमुख कल्लास ने कहा कि आज यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों की ऑनलाइन बैठक हुई, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। इससे पहले शनिवार को यूरोपीय नेताओं ने एक संयुक्त बयान में कहा था कि यूक्रेन संकट के किसी भी राजनयिक समाधान में यूक्रेन और यूरोप दोनों के सुरक्षा हितों की रक्षा होनी चाहिए।
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस महीने की 15 तारीख को अलास्का में मुलाकात कर यूक्रेन में संभावित युद्ध विराम पर चर्चा करेंगे। वर्ष 2021 के बाद से यह दोनों नेताओं के बीच पहली वार्ता होगी।