सितम्बर 7, 2024 8:01 अपराह्न | Abu Dhabi

printer

अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान कल से भारत की तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर  

 

 

 

    अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान कल से भारत की तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। अबू धाबी के क्राउन प्रिंस बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। उनके साथ संयुक्‍त अरब अमीरात-यूएई सरकार के कई मंत्री और एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी होगा। विदेश मंत्रालय ने बताया कि सोमवार को अबू धाबी के क्राउन प्रिंस प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात करेंगे और द्विपक्षीय सहयोग के व्यापक क्षेत्रों पर चर्चा करेंगे। उनका राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करने का कार्यक्रम है। वह राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने भी जाएंगे।

     मंगलवार को वह एक व्‍यापार मंच कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए मुंबई जाएंगे। इसमें दोनों देशों के बड़े व्‍यापारी शामिल होंगे। भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात के बीच ऐतिहासिक रूप से घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। हाल के वर्षों में, दोनों देशों के बीच राजनीतिक, व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और संस्कृति सहित कई क्षेत्रों में व्यापक रणनीतिक साझेदारी सशक्‍त हुई है। क्राउन प्रिंस की यह यात्रा मजबूत भारत-यूएई द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगी तथा नए उभरते क्षेत्रों में साझेदारी का मार्ग प्रशस्‍त करेगी।

पूल से/1927