मार्च 2, 2026 11:18 पूर्वाह्न

printer

अफ़गानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने कहा- उसकी वायु सेना ने कई पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर हमले किये

अफ़गानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने आज घोषणा की कि उसकी वायु सेना ने कई पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर हमले किये हैं। सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में मंत्रालय ने कहा कि ये हमले रावलपिंडी स्थित नूर खान एयरबेस, क्वेटा स्थित 12वीं डिवीजन मुख्यालय और खैबर पख्तूनख्वा के मोहम्मंद एजेंसी स्थित ख्वाजाई कैंप सहित प्रमुख पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए थे।

   

अफ़गानिस्तान ने दावा किया कि इस दौरान पाकिस्तान में कई अन्य रणनीतिक कमान केंद्रों को भी निशाना बनाया गया। बयान में कहा गया है कि ये हमले पाकिस्तानी सेना द्वारा हाल ही में काबुल और बगराम पर किए गए हवाई हमलों के जवाब में किये गये हैं।

   

ये हमले अफ़गानिस्तान और पाकिस्तानी सेनाओं के बीच सीमा पार झड़पों के फिर से शुरू होने के बाद इस्लामाबाद द्वारा अफ़गानिस्तान पर “खुला युद्ध” घोषित किए जाने के एक सप्ताह से भी कम समय में किये गये हैं। अफ़गान सेनाओं द्वारा कथित तौर पर इस सप्ताह की गई झड़पों के जवाब में पाकिस्तानी सीमा सैनिकों पर हमला करने के कुछ घंटों बाद, पाकिस्तान ने शुक्रवार को काबुल और कंधार में हवाई हमले किए।