प्रदेश सरकार अनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के अन्तर्गत आगामी शैक्षणिक सत्र से राज्य के सभी निजी शैक्षणिक संस्थानों में भी कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को साप्ताहिक आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां वितरित करेगी। इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्वीकृति दे दी है।
वर्तमान में प्रदेश के सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों में साप्ताहिक आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां दी जा रही हैं। राज्य में लगभग 50 प्रतिशत बच्चे निजी शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत हैं, जो अब तक इस कार्यक्रम से आच्छादित नहीं थे। इसके दृष्टिगत गत वर्ष हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों के निजी विद्यालयों में इसे पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया।
इसकी सफलता के क्रम में आगामी शैक्षणिक सत्र से पूरे प्रदेश के सभी निजी स्कूलों में इस कार्यक्रम को लागू किया जाएगा। इस पहल से कुल 17 लाख से अधिक बच्चों को लाभ मिलेगा और अनीमिया की व्यापकता दर में कमी लाई जा सकेगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य उत्तराखंड की मिशन निदेशक स्वाति भदौरिया ने बताया कि कार्यक्रम के सुचारू क्रियान्वयन के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। साथ ही सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और मुख्य शिक्षा अधिकारियों को गोलियों के वितरण, उनके सेवन-संबंधी प्रशिक्षण और सभी प्रक्रिया की निगरानी से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किये गए हैं।