अनाज के न्यूनतम समर्थन मूल्य के लिए कानून बनाने की मांग को लेकर विपक्ष ने आज राज्यसभा से वॉकआउट किया। आज सुबह जब सदन की बैठक शुरू हुई, तो सभापति जगदीप धनखड़ ने न्यूनतम समर्थन मूल्य, चक्रवात फेंगल, संभल हिंसा और एक प्रमुख व्यापारिक समूह के खिलाफ कथित रिश्वत के आरोपों के मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों द्वारा दिए गए स्थगन नोटिस को खारिज कर दिया। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के सदस्यों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानून बनाने की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। सभापति ने आश्चर्य व्यक्त किया किसानों के मुद्दों पर पिछले सप्ताह कोई स्थगन नोटिस क्यों नहीं दिया गया और सदन का समय व्यवधान में बर्बाद किया गया। कुछ विपक्षी सदस्यों ने श्री धनखड़ की टिप्पणी पर आपत्ति जताई। कांग्रेस सदस्य प्रमोद तिवारी ने सरकार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य से जुड़ी मांगों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया. उन्होंने सभापति से आग्रह किया कि वह सरकार को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानून पारित करने के लिए कहें। बाद में, कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार), आप, शिवसेना (यूबीटी) और अन्य सदस्यों ने राज्यसभा से वाकआउट किया।