रांची के बरियातू में सेना के कब्जे वाली 4 एकड़ से ज्यादा जमीन की अवैध तरीके से खरीद-बिक्री में संलिप्त निलंबित आईएएस अधिकारी छवि रंजन समेत नौ आरोपियों की न्यायिक हिरासत की अवधि अदालत ने दो सप्ताह के लिए बढ़ा दी है। इससे पूर्व ईडी के विशेष न्यायाधीश राजीव रंजन की अदालत में जेल में बंद आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया। अदालत ने अगली पेशी की तारीख 7 मई निर्धारित की है।
जमीन के मामले में छवि रंजन चार मई 2023 से जेल में है। इस मामले में छवि रंजन के साथ बड़गाईं अंचल के निलंबित राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद, प्रदीप बागची, दलाल रिम्स कर्मी अफसर अली, इम्तियाज अहमद, सद्दाम हुसैन, तल्हा खान, फैयाज अहमद और अमित अग्रवाल की न्यायिक हिरासत की अवधि भी 7 मई तक के लिए बढ़ा दी गई है।