अत्यधिक ठंड को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने आठवीं कक्षा तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पठन-पाठन 11 जनवरी तक बंद करने का आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी डॉक्टर चन्द्रशेखर सिंह की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि आठवीं से ऊपर की कक्षाएं सुबह नौ बजे से दोपहर बाद साढ़े तीन बजे के बीच संचालित की जा सकती है। इधर, पूर्वी चंपारण, भागलपुर, खगड़िया, मुजफ्फरपुर, शेखपुरा जिला प्रशासन ने भी ग्यारह जनवरी तक एक से आठ तक की कक्षाओं में पठन-पाठन स्थगित कर दिया है। वहीं, समस्तीपुर जिला प्रशासन ने नौ जनवरी तक, जबकि शेखपुरा जिला प्रशासन ने आठ जनवरी तक आठवीं कक्षा तक के विद्यालयों में पठन-पाठन प्रतिबंधित कर दिया है। इस बीच, मुंगेर जिले में तेरह जनवरी तक विद्यालयों का संचालन सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर बाद साढ़े तीन बजे तक होंगे। प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी इस आदेश के तहत संचालित होंगे। इधर, बढ़ती ठंड को देखते हुए स्कूलों में मशाल दो हजार चौबीस खेल प्रतिभा खोज के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है।
Site Admin | जनवरी 6, 2025 11:43 पूर्वाह्न
अत्यधिक ठंड के चलते पटना जिला प्रशासन ने 8वीं कक्षा तक की स्कूली कक्षाएं बंद करने का आदेश जारी किया
