अजीत डोभाल को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और डॉ पीके मिश्रा को प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव के रूप में 10 जून से फिर से नियुक्त किया गया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने आज इन नियुक्तियों को मंजूरी दे दी। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने कहा कि पूर्व आईपीएस श्री डोभाल और पूर्व आईएएस श्री मिश्रा की नियुक्तियाँ प्रधानमंत्री के कार्यकाल या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, समाप्त होंगी। श्री डोभाल और श्री मिश्रा दोनों को उनके कार्यकाल के दौरान वरीयता में कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया जाएगा।
नियुक्ति के बाद श्री डोभाल ने आज नई दिल्ली में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की।
इसके साथ ही समिति ने प्रधानमंत्री के सलाहकार के रूप में सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी अमित खरे और तरूण कपूर की नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी है। दोनों अधिकारियों की नियुक्ति सरकार के सचिव के रैंक और वेतनमान में 10 जुलाई से दो साल की अवधि के लिए या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, के लिए होगी। ये नियुक्तियाँ लागू सामान्य नियमों और शर्तों के अनुसार अनुबंध के आधार पर होंगी।