मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान कोंकण, गोवा, केरल, माहे, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ भागों और मध्य महाराष्ट्र तथा गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की है। तेलंगाना, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई स्थानों पर बृहस्पतिवार तक तेज वर्षा का अनुमान है। वहीं, मंगलवार तक मराठवाड़ा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक की विभिन्न जगहों पर भी तेज बारिश की संभावना है। सोमवार, बुधवार और बृहस्पतिवार को ओडिशा के विभिन्न स्थानों पर और बुधवार तक अरुणाचल प्रदेश में तेज वर्षा का अनुमान है। विभाग ने कहा है कि कल असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों और बृहस्पतिवार तक उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में भी तेज बारिश हो सकती है।