ओडिशा अगले साल 8 से 10 जनवरी तक राजधानी भुवनेश्वर में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन करेगा। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने इस संबंध में विदेश मंत्रालय द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह मेगा कार्यक्रम भुवनेश्वर के जनता मैदान में आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और ओडिशा के मुख्यमंत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले हैं।
प्रवासी भारतीय दिवस राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 9 जनवरी, 1915 को दक्षिण अफ्रीका से भारत आगमन की याद में मनाया जा रहा है। देश के विकास में प्रवासी भारतीय समुदाय के योगदान को चिह्नित करने के लिए भारत 2003 से प्रवासी भारतीय दिवस मना रहा है। पिछला प्रवासी भारतीय दिवस मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित किया गया था।