तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घोषणा की है कि वह अगले पांच वर्षों में राज्य की एक करोड़ महिलाओं को करोड़पति बनाने की जिम्मेदारी लेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वयं सहायता समूहों में 63 लाख महिलाएं पहले ही पंजीकृत हो चुकी हैं और जल्द ही यह संख्या बढ़ाकर एक करोड़ कर दी जाएगी।
महालक्ष्मी-स्वशक्ति महिला सम्मेलन में महिला स्वयं सहायता समूहों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी एक करोड़ महिला सदस्यों को करोड़पति बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। श्री रेड्डी ने कहा कि तभी ‘स्वर्णिम और समृद्ध तेलंगाना’ बनेगा, जब एक करोड़ महिलाएं करोड़पति बनेंगी और अपने बच्चों को अच्छा भविष्य दे सकेंगी। उन्होंने सम्मेलन स्थल पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टालों का भी निरीक्षण किया और समूह सदस्यों से बातचीत की।
उन्होंने घोषणा की कि सरकार स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पाद बेचने के लिए शिल्परामम के पास 100 दुकानें बनाएगी। मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रिमण्डल सहयोगियों के साथ ‘महिला शक्ति महिला उन्नति-तेलंगाना प्रगति विजन’ दस्तावेज़ का भी अनावरण किया।