मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

जून 6, 2024 8:19 अपराह्न

printer

अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पूर्व क्षेत्र, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में व्यापक वर्षा होने की संभावना

 

दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, बंगाल की खाड़ी के अधिकांश हिस्सों में आगे बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र, कच्छ, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तेलंगाना और कर्नाटक में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पूर्व क्षेत्र, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी व्यापक वर्षा होने की संभावना है। उत्तर पश्चिम भारत में कल तक कुछ स्थानों पर बारिश और तूफान का अनुमान है। अगले तीन से चार दिनों के दौरान जम्मू कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी ऐसी ही स्थिति रह सकती है।

    भीषण गर्मी पर मौसम विभाग ने कहा कि सोमवार तक उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं चलती रहेंगी। अगले तीन से चार दिनों तक मध्य प्रदेश, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, बिहार और ओडिशा में भी गर्म हवाये चलने की संभावना है। बिहार, झारखंड और गांगेय पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में गर्मी और उमस का अनुमान है।

    इस बीच, मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले दो दिनों तक धूल भरी आंधी और तूफान की संभावना व्‍यक्‍त की है। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।