दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान, हरियाणा, पंजाब के कुछ और हिस्सों तथा चंडीगढ़ में आगे बढ़ गया है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। अगले चार से पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मानसून सक्रिय हो सकता है।
पिछले 24 घंटों में मेघालय, उत्तराखंड और गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक वर्षा हुई। हरियाणा, तमिलनाडु, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, त्रिपुरा और असम में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार वर्षा हुई। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण और गोवा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार, केरल, कर्नाटक और अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर वर्षा हुई है।