केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि अहमदाबाद विमान दुर्घटना के मामले में विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो-एएआईबी की प्रारंभिक रिपोर्ट से किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। अंतिम रिपोर्ट आने तक दुर्घटना को लेकर किसी तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। गाजियाबाद के हिंडन सिविल टर्मिनल से 10 नई वाणिज्यिक उड़ानों का उद्घाटन करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने पश्चिमी मीडिया की निंदा की। उन्होंने कहा कि जिस तरह के लेख प्रकाशित करने के प्रयास हो रहे है, उनमें उनके हित छुपे हो सकते हैं। श्री नायडू ने भारत में ही ब्लैक-बॉक्स डिकोड करने के लिए विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की सराहना की।
केन्दीय मंत्री ने कहा कि देश के दस बड़े शहरों तक हिंडन टर्मिनल से सीधी उड़ान सेवा आज शुरू हो चुकी है। इन शहरों में बेंगलूरू, कोलकाता, वाराणसी, इंदौर, चेन्नईृ, अहमदाबाद, पटना, गोआ और मुंबई शामिल हैं। इस क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली हवाई अड्डे पर निर्भर नहीं रहना पड़े, इसलिए ये सभी उड़ानें अब गाजियाबाद से सीधे उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि हिंडन टर्मिनल से उड़ान सेवाएं न सिर्फ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए बल्कि समूचे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए भी विकास के नए द्वार खोलेगा।