अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। राज्य के सभी जिला मुख्यालयों के साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उत्तराखण्ड में योग दिवस का प्रमुख कार्यक्रम पिथौरागढ़ जिले के पार्वतीकुण्ड आदि कैलाश में हुआ, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योग कर प्रदेश को स्वस्थ रहने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा उत्तराखंड योग और ध्यान की प्राचीन पद्धति के इतिहास को समेटे हुए है। प्रदेश सरकार राज्य को अंतरराष्ट्रीय योग हब बनाने की दिशा में काम कर रही है। श्री धामी ने कहा कि विश्व में योग को पहचान दिलाने में भारत का अहम योगदान है।
उधर नैनीताल में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में नैनीताल-उधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने हिस्सा लिया। वहीं, चंपावत जिले के गौरलचौड मैदान में वृहद योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला आयुर्वेदिक एवं आयुष विभाग व सोेबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के योग विज्ञान द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। अल्मोड़ा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कई स्थानों में योगाभ्यास कार्यक्रम किए गए। खेल मैदान सिमकनी में आयोजित कार्यक्रम में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। रूद्रप्रयाग जिले में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का शुभारंभ केदारनाथ धाम से किया गया। इस दौरान श्रद्वालुओं ने योग कर स्वस्थ रहने का संदेश दिया।