अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देश भर में जल अर्पण दिवस के साथ जल महोत्सव का शुभारंभ हुआ। गुजरात में राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्घाटन करते हुए जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने जल प्रबंधन में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने नागरिकों से वर्षा जल संचयन और जल के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने का आग्रह किया। श्री पाटिल ने कहा कि ग्रामीण पेयजल प्रणालियों के सतत प्रबंधन और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए यह महोत्सव 22 मार्च तक चलेगा।
इस पहल के अंतर्गत ग्रामीण पेयजल आपूर्ति संपत्तियों को ग्राम पंचायतों और ग्राम जल तथा स्वच्छता समितियों को सौंपा जा रहा है। इससे जल जीवन मिशन के अंतर्गत सामुदायिक स्वामित्व को मजबूती मिलेगी। बिहार में जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और महाराष्ट्र में राज भूषण चौधरी ने समारोह में भाग लिया।