प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर पर राज्यसभा में बहस के दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की ओर से स्पष्टता से सरकार का पक्ष रखने की सराहना की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पहलगाम आतंकवादी हमले का पूरी दृढ़ता से जवाब दिया।
इससे पहले, राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर बहस के दौरान अपने संबोधन में, सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा ने 2014 के पहले के दशक और 2014 के बाद के दशक के बीच साहसिक तुलना की और राष्ट्रीय सुरक्षा, सैन्य प्रतिक्रिया और राजनीतिक इच्छाशक्ति में भारत के ‘मजबूत परिवर्तन’ की बात कही।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को सटीकता और शक्ति के साथ अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि बहावलपुर, सियालकोट और मुजफ्फराबाद सहित नौ आतंकवादी शिविरों को केवल 22 मिनट में नष्ट कर दिया गया।
उन्होंने सदन को बताया कि पहलगाम आतंकवादी हमले के मुख्य गुनहगारों को ऑपरेशन महादेव और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से खत्म कर दिया गया।
श्री नड्डा ने कहा कि लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिज्बुल मुजाहिदीन के प्रमुख आतंकवादी ठिकानों को एक निर्णायक हमले में ध्वस्त कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि वैश्विक समुदाय ने भारत की कार्रवाई का पुरजोर समर्थन किया है। पहलगाम हमले के बाद, विदेश मंत्रियों और राष्ट्राध्यक्षों सहित 61 वैश्विक नेताओं ने इस घटना की निंदा की।
अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ अब भारत को एक वैश्विक रक्षा मॉडल के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं और इसके घरेलू सैन्य निर्माण और रणनीतिक स्वायत्तता की सराहना कर रहे हैं।