अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर आज राज्यभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राजधानी रांची में इस मौके पर कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उभरते खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।
उधर चाईबासा के बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम परिसर में जिला प्रशासन और जिला ओलंपिक संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता के साथ-साथ उत्कृष्ट खिलाड़ियों का सम्मान समारोह भी संपन्न हुआ। इस मौके पर खेल प्रेमी समिति के अध्यक्ष देव कुमार बनर्जी ने कहा कि वैसे खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया है जो अपने शहर, राज्य और देश के लिए विभिन्न खेलों में जौहर दिखा रहे हैं।
उधर, धनबाद में इस ऐतिहासिक दिवस पर रैली निकाल कर सप्ताहव्यापी खेल कार्यक्रमों की शुरुआत की गयी। रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं के अलावा बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।