अप्रैल 3, 2024 7:57 अपराह्न

printer

अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर कड़ी निगरानी का निर्देश

निर्वाचन आयोग ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और पुलिस महानिदेशकों को अवैध शराब, नकदी, मादक पदार्थ और हथियारों की आवाजाही रोकने के लिए अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर कड़ी निगरानी का निर्देश दिया है। आयोग ने शांतिपूर्ण और प्रलोभन मुक्त आम चुनाव सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है। आयोग ने कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए आज नई दिल्ली में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ बैठक की। आयोग ने कहा कि बैठक का उद्देश्य सीमाओं की रक्षा करने वाली केंद्रीय एजेंसियों के साथ-साथ अधिकारियों के बीच समन्वय और सहयोग के लिए सभी हितधारकों को एक साथ लाना था। बैठक की अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने की।

श्री राजीव कुमार ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए आयोग की प्रतिबद्धता पर बल दिया। उन्होंने सभी हितधारकों से चुनावी प्रक्रिया की अखंडता को बनाए रखने और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करने का भी आह्वान किया। श्री कुमार ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय के मताधिकार का उपयोग कर सके।

बैठक में आयोग ने अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र जैसे 11 राज्यों के चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में मतदान कर्मियों को पहुंचाने के लिए वायुसेना और राज्य नागरिक उड्डयन विभाग से सहयोग की भी समीक्षा की। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में खतरे की आशंका के आधार पर पर्याप्त सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए गए।