कुश्ती में, भारत के विश्वजीत रामचन्द्र मोरे ने आज सुबह अल्बानिया के तिराना में अंडर-23 विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता। मोरे ने पुरुषों के 55 किग्रा ग्रीको-रोमन वर्ग में एडम उलबाशेव को 14-10 से हराया। यह चैंपियनशिप में भारत का पहला पदक है। ईरान के अली अब्दुल्ला अहमदी वफ़ा ने स्वर्ण और राशद मम्मादोव ने रजत पदक जीता, जबकि जापान के कोहेल यामागिवा ने मोरे के साथ कांस्य पदक साझा किया।
इससे पहले, भारत की अंजलि महिलाओं के 59 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में पहुंच गईं। उन्होंने कल सेमीफाइनल में इटली की अरोरा रूसो को 4-0 से हराया। आज रात फाइनल में अंजलि का मुकाबला यूक्रेन की सोलिमिया विनीक से होगा।