फ़रवरी 4, 2026 7:39 पूर्वाह्न

printer

अंडर-19 विश्व कप: सेमीफाइनल में आज भारत का सामना अफगानिस्तान से

अंडर-19 एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में, आज भारत का सामना अफगानिस्तान से होगा। यह मैच हरारे में भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे से खेला जाएगा। इस मैच के विजेता का सामना शुक्रवार को फाइनल में इंग्लैंड से होगा। भारतीय टीम अब तक प्रतियोगिता में अपराजित रही है।

 

भारत अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में सबसे सफल टीम है। भारत ने पांच बार वर्ष 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में विश्व का खिताब जीता है। इससे पहले, मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे के बुलावेयो में खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड से 27 रन से हार का सामना करना पड़ा।

   

278 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, ऑस्ट्रेलिया 47 ओवर और तीन गेंद में 250 रन पर ऑल आउट हो गई। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट खोकर 277 रन बनाए। इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रेव ने 107 गेंदों पर शानदार 110 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह इंग्लैंड का इस प्रतियोगिता के इतिहास में तीसरा फाइनल मुकाबला है।