जनवरी 18, 2026 9:01 पूर्वाह्न

printer

अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप: भारत ने बांग्लादेश को 18 रन से हराया

आईसीसी पुरुष अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप में कल रात भारत ने बांग्लादेश को वर्षा से बाधित मुकाबले में डकवर्थ लुईस पद्धति से 18 रनों से हरा दिया। जिम्बाब्वे के बुलावेयो में खेले गए मुकाबले  को बारिश के कारण मैच 49 ओवरों का कर दिया गया था।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की टीम 48 ओवर चार गेंद में 238 रन पर ऑल आउट हो गई। बाद में बांग्लादेश को 29 ओवरों में 165 रनों का संशोधित लक्ष्य दिया गया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए, बांग्लादेश की टीम 28.3 ओवरों में 146 रनों पर ऑल आउट हो गई। भारत के लिए विहान मनोज मल्होत्रा ​​ने चार विकेट लिए और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इससे पहले भारत के लिए अभिज्ञान कुंडू ने 112 गेंदों पर सबसे अधिक 80 रन बनाए, जबकि 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 67 गेंदों पर 72 रन बनाए। सूर्यवंशी ने युवा एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में किसी भारतीय द्वारा बनाए गए सबसे अधिक रनों का विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया और अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में अर्धशतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। बांग्लादेश की ओर से अल फहद ने पांच विकेट लिए।

इस टूर्नामेंट में भारत की यह लगातार दूसरी जीत है। भारत अब दो मैचों में चार अंकों के साथ ग्रुप बी में शीर्ष पर है। जबकि, बांग्लादेश और अमेरिका ने अभी तक अपना खाता नहीं खोला है, वहीं न्यूजीलैंड आज अमेरिका के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगा।

 

 

 

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला