भारतीय महिला पहलवानों ने कल एथेंस में अंडर-17 विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित कुल पांच पदक जीते।
महिलाओं की 43 किलोग्राम फ्रीस्टाइल में भारत की रचना ने चीन की शिन हुआंग को 3-0 से हराकर पहला स्वर्ण पदक जीता। इसके तुरंत बाद, भारत की ही अश्विनी बिश्नोई ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में उज़्बेकिस्तान की मुखय्यो राखिमजोनोवा को 3-0 से हराकर एक और स्वर्ण पदक जीता।
57 किलोग्राम भार वर्ग में, मोनी ने रजत पदक जीता। दूसरा रजत पदक काजल ने 73 किलोग्राम भार वर्ग में हासिल किया। 49 किलोग्राम भार वर्ग में कोमल वर्मा ने यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग की एनहेलिना बुर्किना को 8-3 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया।