जनवरी 9, 2026 9:08 अपराह्न

printer

सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रसार भारती के वेव्स प्लेटफॉर्म की सराहना की

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि प्रसार भारती के वेव्‍स प्लेटफॉर्म को वैश्विक स्तर पर व्यापक सराहना मिली है और इससे पांच हजार करोड़ रुपये का अंतरराष्ट्रीय व्यापार हुआ है। श्री वैष्णव ने आज डीडी न्यूज़ पर कंटेंट क्रिएटर्स को सशक्त बनाने के लिए शुरू किए गए नए प्लेटफॉर्म ‘क्रिएटर्स कॉर्नर’ के शुभारंभ के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रसार भारती की इस नई पहल का उद्देश्य रचनात्मक सामग्री को प्रदर्शित करना और इसे बढ़ावा देना है। श्री वैष्‍णव ने कहा कि सरकार ने एक करोड़ युवाओं को रचनाकार अर्थव्यवस्था से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।    

श्री वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 11 वर्षों में कई महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि सूचना और प्रसारण मंत्रालय का इस वर्ष पूर्ण पुनर्गठन किया जाएगा, जिसमें एक नई संचालन व्‍यवस्‍था का विकास भी शामिल है। श्री वैष्‍णव ने कहा कि सूचना और प्रसारण क्षेत्र देश के नागरिकों के जीवन को प्रभावित करता है, इसलिए प्रसारण के महत्व को पुनर्स्थापित करने और इसे आज की तकनीक और कार्य पद्धतियों के अनुरूप ढालने वाले सुधारों को लागू करना आवश्यक है। श्री वैष्णव ने कहा कि इन सुधारों से रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होने की उम्मीद है।

इस अवसर पर सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने इस पहल के लिए दूरदर्शन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह नया मंच कंटेंट क्रिएटर्स को सहयोग देगा और देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में सहायक होगा।

क्रिएटर्स कॉर्नर का प्रसारण सोमवार से शुक्रवार शाम 7 बजे डीडी न्यूज पर किया जाएगा। यह नई पहल कंटेंट क्रिएटर्स को अपनी सामग्री साझा करने के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला