केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिलायंस अनिल धीरूभाई अम्बानी समूह की कंपनियों के खिलाफ दर्ज तीन मामलों के सिलसिले में मुंबई के 17 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है। सीबीआई ने बताया कि ये तलाशी अभियान कंपनियों के निदेशकों के आवासीय परिसरों के साथ-साथ उन मध्यस्थ कंपनियों के कार्यालयों में भी चलाए जा रहे हैं, जिनके खातों का इस्तेमाल बैंक निधि के गबन के लिए किया गया था। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इस दौरान पता चला कि एक ही पते से कई मध्यस्थ कंपनियां संचालित हो रही थीं, जिसकी जांच जारी है।
सीबीआई ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में, विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और एल.आई.सी द्वारा दर्ज शिकायतों के आधार पर अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस समूह के खिलाफ सात मामले दर्ज किए गए हैं, जो हजारों करोड़ रुपये के कथित धोखाधड़ी से संबंधित हैं। सीबीआई के अनुसार इन मामलों में कथित नुकसान की कुल राशि 27 हजार 337 करोड़ रुपये है।