वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने आज कहा कि सरकार राष्ट्रीय भारत के सीमा शुल्क प्रशासन को अधिक प्रौद्योगिकी-आधारित, पारदर्शी और व्यापार-अनुकूल बनाने के लिए उसे मजबूत कर रही है। नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय सीमा शुल्क दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि यह दिन सीमा पार माल की सुरक्षित, व्यवस्थित और कुशल आवाजाही सुनिश्चित करने में विश्व स्तर पर सीमा शुल्क प्रशासनों द्वारा निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका की याद दिलाता है। इस वर्ष के विषय, सतर्कता और प्रतिबद्धता के माध्यम से समाज की रक्षा करना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध वन्यजीव व्यापार और आर्थिक अपराध जैसे उभरते खतरों के कारण यह विषय अत्यंत प्रासंगिक है।
श्री चौधरी ने केंद्रीय बजट 2026-27 में घोषित प्रमुख सुधारों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नए सुधारों ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए नियमों को सरल और स्पष्ट कर दिया है। साथ ही लघु और मध्यम उद्यमों को वैश्विक बाजारों तक पहुंच बढ़ाने के लिए ई-कॉमर्स और कूरियर क्लीयरेंस को सुव्यवस्थित किया है। श्री चौधरी ने कहा कि मजबूत सिंगल विंडो सिस्टम, बेहतर कार्गो पंजीकरण और क्लीयरेंस प्रक्रियाएं, उन्नत स्कैनिंग सिस्टम और एआई-आधारित इमेज एनालिसिस जैसी डिजिटल पहल व्यापार में न्यूनतम व्यवधान सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ये सुधार भारत को एक प्रतिस्पर्धी और विश्वसनीय वैश्विक व्यापार केंद्र बनाता है।
इस अवसर पर श्री चौधरी ने स्विफ्ट 2.0 का भी उद्घाटन किया। यह एक एकीकृत डिजिटल सिंगल-विंडो प्लेटफॉर्म है। साथ ही उन्होंने अतिथी 2.0 का भी उद्घाटन किया, जो एक स्वचालित यात्री सुविधा प्रणाली है।