दिसम्बर 27, 2024 6:27 अपराह्न

printer

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ मनमोहन सिंह एक उच्च स्तरीय बुद्धिजीवी एवं सौम्य स्वभाव के व्यक्ति थे। डॉ0 मनमोहन उच्च कोटि के अर्थशास्त्री, शिक्षक और एक प्रभावी राजनेता भी थे। 
 
 
उन्होंने कहा कि भारत जो आज एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभर कर सामने आया है उसकी नींव डॉ मनमोहन सिंह के द्वारा रखी गई थी, जब वह 1990 के दशक में देश के वित्त मंत्री थे। अपने प्रधानमंत्री रहते हुए भी दोनों कार्यकाल में उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था में अभूतपूर्व परिवर्तन किए।
 
 
 शिक्षा मंत्री ने कहा कि डॉ मनमोहन की दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि वर्तमान समय में भी “महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना” जैसे महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार का एक बड़ा और मुख्य साधन है। देश भर के विद्यालयों में “मिड डे मील” जैसी योजना को भी उनके ही कार्यकाल में लागू किया गया। 
 
 
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त रक्षा और आर्थिक मोर्चो पर उन्होंने देश की छवि को चमकाया । डॉ0 मनमोहन सिंह की विद्वता और सहजता का सम्मान पूरे विश्व के नेता करते थे । भारत अमरीका संबंधों को सुदृढ़ करने में भी उनका अविस्मरणीय योगदान रहा है। 
 
 
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि डॉ मनमोहन सिंह कांग्रेस पार्टी के एक मजबूत स्तम्भ थे और उनके जाने से जो क्षति पार्टी को पहुंची है उसकी भरपाई करना मुश्किल है। यह राष्ट्र उन्हें उनकी सौम्यता, विद्वता, दूरदर्शिता और सरलता के लिए सदैव याद करेगा।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला