फ़रवरी 23, 2026 8:38 अपराह्न

printer

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एआई-संचालित टीचर ऐप 2.0 का शुभारंभ किया

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्‍ली में भारती एयरटेल और सी.के 12 फाउंडेशन के सहयोग से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई द्वारा संचालित टीचर ऐप 2.0 का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री प्रधान ने कहा कि यह ऐप स्‍कूल के शिक्षकों को सशक्‍त बनाने तथा उन्‍हें सहयोग देने के लिए एक एआई संचालित प्रौद्योगिकी सहयोगी है।

उन्‍होंने कहा कि यह ऐप शिक्षण को अधिक आकर्षक और उत्‍पादक बनाने के लिए उपकरणों, सामग्रियों और डैशबोर्ड की सुविधा शिक्षकों को प्रदान करेगा। श्री प्रधान ने कहा कि सरकार शिक्षा में एआई को लागू करने के लिए तीव्र गति से कार्य कर रही है।

इस ऐप का शुभारंभ देश में हो रही एआई क्रांति को गति प्रदान करेगा। उन्‍होंने कहा कि इससे सीखने के स्‍तर में सुधार हो सकता है, सहभागिता बढ़ सकती है और शिक्षा में वैयक्तिकरण को बढ़ावा मिल सकता है।

 श्री प्रधान ने सहयोगियों से देशी लैंग्‍वेज लर्निंग मॉडल का उपयोग करने तथा अधिक से अधिक  भारतीय भाषाओं में प्रशिक्षण टूल्‍स को उपलब्‍ध कराने का आग्रह किया।