फ़रवरी 3, 2026 9:40 अपराह्न

printer

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, भारत-अमरीका व्यापार समझौता ऐतिहासिक और दूरदर्शी

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज कहा कि भारत-अमरीका व्यापार समझौता एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी समझौता है जिसमें भारत के राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखा गया है। नई दिल्ली में आज श्री गोयल ने कहा कि इस समझौते से वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा देश के कृषि और डेयरी क्षेत्र के हितों का ध्यान रखा है और इससे जुड़े लोगों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। केंद्रीय मंत्री ने प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि व्यापार समझौते में भारत के संवेदनशील क्षेत्रों के हितों की रक्षा की गई है।

श्री पीयूष गोयल ने कहा कि इस समझौते से लघु एवं मध्यम उद्यम, वस्त्र, रत्न तथा आभूषण, चमड़ा और समुद्री उत्पाद सहित कई क्षेत्रों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि समझौते से भारत को विश्व स्तरीय प्रौद्योगिकी हासिल करने के अवसर प्राप्‍त होंगे जिससे भारत की विकास गाथा और अर्थव्यवस्था को और अधिक गति मिलेगी। श्री गोयल ने यह भी बताया कि व्यापार समझौते की विस्तृत शर्तों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और जल्द ही दोनों देश एक संयुक्त बयान जारी करेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने व्‍यापार समझौते के बारे में लोगों को गुमराह करने और भ्रम फैलाने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं की आलोचना की।

विभिन्न उद्योग संगठनों ने भी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का स्वागत किया है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में भारतीय वाणिज्‍य एवं उद्योग मंडल – एसोचैम के अध्यक्ष निर्मल के मिंडा ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि समझौते से ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा और दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था तक भारतीय उत्‍पादों की बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी।

भारतीय उद्योग परिसंघ – सी.आई.आई ने भी व्यापार समझौते की सराहना करते हुए इसे दोनों देशों के बीच रणनीतिक आर्थिक साझेदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। सी.आई.आई के अध्यक्ष राजीव मेमानी ने कहा कि टैरिफ 18 प्रतिशत किए जाने से भारतीय उत्पादों की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी साथ ही विनिर्माण क्षेत्र में वृद्धि, रोजगार सृजन और सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखलाओं के विकास को गति मिलेगी।