जनवरी 2, 2026 7:42 अपराह्न

printer

वस्त्र मंत्रालय राष्ट्रीय वस्त्र मंत्रियों के सम्मेलन का आयोजन करेगा

असम सरकार के सहयोग से वस्‍त्र मंत्रालय वैश्विक वस्‍त्र विनिर्माण केंद्र के रूप में भारत को स्‍थापित करने के लिए एक समन्वित राष्‍ट्रीय रणनीति पर विचार-विमर्श करने के लिए राष्‍ट्रीय वस्‍त्र मंत्रियों के सम्‍मेलन का आयोजन करेगा। दो दिन का यह सम्‍मेलन असम के गुवाहाटी में आठ जनवरी से शुरू होगा। इस सम्‍मेलन की थीम भारत का कपड़ा उद्योग: विकास, विरासत और नवाचार का संगम है।

यह सम्‍मेलन 2030 तक वस्‍त्र निर्यात में सौ अरब डॉलर के लक्ष्‍य को हासिल करने और तीन सौ 50 अरब डॉलर के वस्‍त्र उद्योग को विकसित करने के दृष्टिकोण के अनुरूप है। इस सम्‍मेलन में बुनियादी ढांचा और निवेश, निर्यातों का विस्‍तार, प्रतिस्‍पर्धा, कच्‍चे माल, फाइबर और नई सीमाओं पर केंद्रित सत्र होंगे।

इन सत्रों में आधुनिक और अन्‍य तरह के बाजार के लिए हथकरघा और हस्तशिल्प पर भी सत्र होंगे। मंत्रालय ने बताया कि अन्‍य गणमान्‍य व्‍यक्तियों के साथ उद्घाटन सत्र में वस्‍त्र मंत्री गिरिराज सिंह और असम के मुख्‍यमंत्री हिमंत बिस्‍व सरमा शामिल होंगे। इस सम्‍मेलन में राज्‍यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मंत्रियों और अधिकारियो के भी शामिल होने की आशा है।