केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा है कि वर्ष 2024-25 में 8 लाख 35 हजार से अधिक बीमा दावों का निपटारा किया गया है। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने 2014 से किसानों सहित आम नागरिकों के उत्थान के लिए कई बीमा योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में लगभग 50 प्रतिशत महिलाओं ने नामांकन कराया है।
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने बताया कि जीवन ज्योति बीमा के तहत कुल 6 लाख 30 हजार से अधिक दावों का निपटारा किया गया है, जबकि सामान्य बीमा में लगभग एक लाख 67 हजार लोगों के दावे स्वीकार किए गए। मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य बीमा के तहत 99 हजार से अधिक दावों का निपटारा किया गया है। बीमा उत्पादों की गलत बिक्री से निपटने के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों के बारे में पूछे जाने पर श्री चौधरी ने कहा कि बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ उचित कार्रवाई कर रहा है।