फ़रवरी 3, 2026 9:24 अपराह्न

printer

लोकसभा में अनुशासनहीनता के कारण 8 विपक्षी सांसद बजट सत्र से निलंबित

लोकसभा में आज अनुशासनहीन व्यवहार के कारण विपक्ष के आठ सांसदों को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया। निलंबित सांसदों में कांग्रेस के मणिकम टैगोर, अमरिंदर सिंह राजा, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले, किरण कुमार रेड्डी और सी.पी.आई.-एम के एस. वेंकटेशन शामिल हैं। कांग्रेस, डीएमके, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बार-बार स्‍थगित हुई।

दोपहर 3 बजे के बाद लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर विपक्षी सांसदों ने भारत-चीन संबंधों और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते सहित विभिन्न मुद्दों पर हंगामा शुरू कर दिया। पीठासीन अधिकारी ने अध्यक्ष की ओर कागज फेंकने के लिए सांसदों के अनुशासनहीन व्यवहार पर आपत्ति जताई। बाद में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में अनुशासनहीन आचरण और दुर्व्यवहार के लिए बजट सत्र की शेष अवधि के लिए 8 सांसदों को निलंबित करने का प्रस्ताव रखा। सदन ने ध्वनि मत से इसे पारित कर दिया। इसके बाद अध्‍यक्ष ने सदन की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी।

इससे पहले, विपक्षी सांसदों के विरोध और हंगामे के कारण लोकसभा को दो बार स्थगित करना पड़ा। पहले स्थगन के बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे फिर शुरू होने पर राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा पुनः आरंभ हुई। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारत-चीन संबंधों का मुद्दा उठाया। श्री गांधी ने कहा कि उन्होंने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण पर एक पत्रिका में प्रकाशित लेख की प्रमाणिकता की पुष्टि कर ली है। पीठासीन अधिकारी ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्‍हें केवल राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर ही बोलना चाहिए। बाद में विपक्षी सांसद सदन के बीचोबीच आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

इससे पहले सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कांग्रेस के पूर्व सांसद सुरुपसिंह हिरया नायक के निधन पर शोक व्यक्त किया। सदन ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मौन रखा। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने प्रश्नकाल शुरू किया। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने केंद्रीय सशस्‍त्र पुलिस बल प्रशिक्षण संस्थान से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर देने का प्रयास किया लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण वे अपना उत्तर पूरा नहीं कर सके। अध्‍यक्ष ने विपक्षी सदस्यों से सदन को सुचारू रूप से चलने देने की अपील की। हंगामा जारी रहने के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।