लोकसभा की कार्यवाही विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बाद दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई है। दोपहर 12 बजे पहले स्थगन के बाद जब सदन दोबारा शुरू हुआ, तो संबंधित मंत्रियों ने अपने-अपने मंत्रालयों के दस्तावेज पेश किए। इसके बाद पीठासीन अधिकारी ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर आम चर्चा शुरू की, लेकिन विपक्षी सदस्यों ने अपना विरोध जारी रखा और सदन की कार्यवाही में बाधा डाली। अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें केंद्रीय बजट पर बोलने के लिए कांग्रेस सांसद शशि थरूर का नाम मिला है, लेकिन कांग्रेस सदस्यों ने कहा कि विपक्ष के नेता कुछ बोलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी केंद्रीय बजट पर बोलेंगे तो उन्हें बोलने की अनुमति दी जाएगी। हंगामा जारी रहने पर अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। शोरगुल के कारण बजट पर चर्चा शुरू नहीं हो सकी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस महीने की 1 तारीख को केंद्रीय बजट पेश किया था।
इससे पहले, जब लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, तो अध्यक्ष ओम बिरला ने अंडर-19 विश्व कप 2026 जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी। इसके बाद, श्री बिरला ने प्रश्नकाल शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन विपक्षी सदस्य सदन के बीचोंबीच आ गए और नारेबाजी करने लगे। श्री बिरला ने उनसे सदन को सुचारू रूप से चलने देने की अपील की। उन्होंने सदस्यों से सदन की गरिमा तथा मर्यादा बनाए रखने का आग्रह किया और कहा कि प्रश्नकाल के दौरान अन्य सदस्यों को भी बोलने की अनुमति दी जानी चाहिए। विपक्षी सदस्यों का विरोध जारी रहा, जिसके कारण कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।