राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने आज दिल्ली में भारत और चीन के बीच सीमा विवाद पर विशेष प्रतिनिधियों की 24वें दौर की वार्ता की सह-अध्यक्षता की। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि चर्चा में तनाव कम करने, परिसीमन और सीमा मामलों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। श्री वांग यी ने कल विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
इस यात्रा के दौरान भारतीय पक्ष ने सीमा पार आतंकवाद सहित सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में आतंकवाद के मुद्दे को जोरदार ढंग से उठाया और याद दिलाया कि शंघाई सहयोग संगठन का एक मूल उद्देश्य आतंकवाद की बुराई का मुकाबला करना था। मंत्री वांग यी ने इस बात पर सहमति जताई कि आतंकवाद का मुकाबला सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।