राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के वर्तमान ढांचे में समकालीन भू-राजनीतिक वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित करने के लिए सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इसमें विकासशील देशों को निर्णय लेने में अधिक भागीदारी मिलनी चाहिए। राष्ट्रपति ने आज नई दिल्ली में संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश के साथ बातचीत में यह बात कही। मुलाकात के दौरान, राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के इस दौर में, बहुपक्षवाद कई बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है, जिनमें विश्वास की कमी का बढ़ना भी शामिल है। राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि संयुक्त राष्ट्र की प्रासंगिकता और प्रभावशीलता को बनाए रखने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में तत्काल सुधार आवश्यक है।
News On AIR | फ़रवरी 20, 2026 9:58 अपराह्न
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव से मुलाकात की, सुरक्षा परिषद में सुधार की आवश्यकता को दोहराया