राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने स्वामी दयानंद सरस्वती की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती ने संपूर्ण समाज और देश की शिक्षा प्रणाली को अमूल्य मार्गदर्शन प्रदान किया। राष्ट्रपति ने कहा कि उनके द्वारा स्थापित आध्यात्मिक और शैक्षणिक संस्थानों से देश को हमेशा लाभ मिलता रहा है और मिलता रहेगा।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती ने अपना पूरा जीवन अंधविश्वास, आडंबर और सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध संघर्ष में समर्पित कर दिया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षा के प्रसार, महिलाओं के सशक्तिकरण और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में उनके प्रयासों ने देश को एक नई वैचारिक दिशा और आत्मसम्मान की भावना प्रदान की। श्री राधाकृष्णन ने कहा कि वर्गहीन, जातिविहीन और समतावादी समाज की स्थापना और उच्च नैतिक मूल्यों के प्रसार में उनका योगदान आज भी सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।