फ़रवरी 2, 2026 9:22 अपराह्न

printer

संसद के दोनों सदनों में बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा हुई

संसद के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर राज्यसभा में चर्चा हुई। चर्चा के लिए कुल 16 घंटे आवंटित किए गए हैं। प्रस्ताव पेश करते हुए मनोनीत सदस्य सी. सदानंदन मास्टर ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने अभिभाषण में विकसित भारत के लिए एक स्पष्ट और आत्मविश्वासपूर्ण दृष्टिकोण व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार पहले दिन से ही न्याय और गरीबी उन्मूलन के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध रही है। उन्‍होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की मूल रणनीति से ही संभव है। उन्होंने कहा कि सरकार पिछले एक दशक में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफल रही है। श्री सदानंदन मास्टर ने कहा कि आज लगभग 95 करोड़ भारतीयों को सामाजिक सुरक्षा प्राप्त है। उन्होंने कहा कि सरकार सुधार के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रही है और देश आधुनिक बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व निवेश देख रहा है।
 
प्रस्ताव का समर्थन करते हुए भाजपा की डॉ. मेधा विश्राम कुलकर्णी ने कहा कि राष्ट्रपति के भाषण में भारत की निरंतर प्रगति को दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था बहुत मजबूत बनी हुई है और विकास दर बढ़कर 7.2 प्रतिशत हो गई है। डॉ. कुलकर्णी ने बताया कि जीएसटी राजस्व में वृद्धि हुई है और पिछले कुछ वर्षों में तीन करोड़ नए करदाता जुड़े हैं।
 
कांग्रेस के दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार किसान-विरोधी और मजदूर-विरोधी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देश में बेरोजगारी घट रही है और सरकार के वादों के बावजूद किसानों की आय अभी तक दोगुनी नहीं हुई है। तृणमूल कांग्रेस की सागरिका घोष ने आरोप लगाया कि डिजिटल प्रणालियां साइबर धोखाधड़ी और डेटा घोटालों को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण और जल प्रदूषण बढ़ रहा है जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है।
 
आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने केंद्रीय बजट में स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र के लिए कम धनराशि आवंटित करने पर सरकार की आलोचना की। आल इंडिया अन्‍ना डीएमके के एम थंबीदुरई ने तमिल संस्कृति और भाषा को हमेशा महत्व देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। जनता दल यूनाइटेड के संजय कुमार झा, डीएमके के तिरुचि शिवा और समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव सहित अन्य लोग भी चर्चा में शामिल हुए। चर्चा कल भी जारी रहेगी।