क्षेत्रीय एकीकृत बहु-खतरा पूर्व चेतावनी प्रणाली (राइम्स) ने आपदा तैयारियों में क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने के लिए सर्वसम्मति से एक घोषणा पत्र को मंजूरी दे दी है। श्रीलंका में 7 से 9 मई के बीच आयोजित हुए चौथे मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में भारत ने सह-अध्यक्ष के रूप में भाग लिया।
राइम्स एक अंतर-सरकारी संस्था है, जो अपने सदस्य देशों को पूर्व चेतावनी सेवाएँ, आपदा जोखिम न्यूनीकरण रणनीतियाँ और क्षमता निर्माण प्रदान करता है।
भारत वर्तमान में राइम्स परिषद की अध्यक्षता कर रहा। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. एम. रविचंद्रन की अध्यक्षता में परिषद की बैठक 7 मई को हुई और मंत्रिस्तरीय घोषणा के मसौदे को अंतिम रूप दिया गया।
दूसरे दिन आयोजित सम्मेलन में श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने भाग लिया। उन्होंने “सभी के लिए पूर्व चेतावनी” कार्यक्रम जैसी राइम्स पहलों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दर्शायी। श्री झा ने प्रस्तावित राइम्स क्षेत्रीय केंद्र की मेजबानी के लिए भारत की तत्परता भी व्यक्त की।