रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मोरक्को के रक्षा मंत्री अब्देलतीफ लौदीई ने कल रबात में रक्षा सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता ज्ञापन बढ़ती साझेदारी के लिए मज़बूत संस्थागत ढाँचा प्रदान करता है और रक्षा उद्योग, संयुक्त अभ्यास, सैन्य प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण में सहयोग का मार्ग प्रशस्त करता है।
दोनों नेताओं ने रक्षा उद्योग में सहयोग को और तेज़ करने का निर्णय लिया और आतंकवाद-रोधी, समुद्री सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, शांति अभियानों, सैन्य चिकित्सा और विशेषज्ञों के आदान-प्रदान को शामिल करते हुए एक व्यापक रूप रेखा पर सहमति व्यक्त की। दोनों मंत्रियों के बीच हुई चर्चाओं में भारत और मोरक्को के बीच दीर्घकालिक मित्रता को और मज़बूत करने के साझा संकल्प को दर्शाया गया।
इन उपायों को गति देने के लिए, श्री सिंह ने रबात स्थित भारतीय दूतावास में एक नए रक्षा प्रकोष्ठ बनाने की घोषणा की। उन्होंने रक्षा सहयोग के विस्तार पर आगे की चर्चा के लिए श्री लौदीई को भारत आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।
इससे पहले रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय रक्षा उद्योग ने 1.5 लाख करोड़ रुपये का उत्पादन हासिल कर लिया है, जबकि रक्षा निर्यात 23 हजार करोड़ रुपये को पार कर गया है। उन्होंने कहा कि भारत अब 100 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है।