मेक्सिको की सेना ने कल जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल नेता नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा सर्वेंटेस उर्फ एल मेनचो की हत्या कर दी। इस कार्रवाई के साथ ही मेक्सिको के सबसे शक्तिशाली कार्टेल का सफाया हो गया। इसके साथ ही सरकार के पास ट्रंप प्रशासन को अपने प्रयासों का सबूत देने के लिए अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई।
रक्षा विभाग ने एक बयान में कहा कि ओसेगुएरा सर्वेंटेस जलिस्को के तापलपा में उसे पकड़ने के अभियान के दौरान वह घायल हो गया था। मेक्सिको सिटी ले जाते समय रास्ते में ओसेगुएरा सर्वेंटेस की मौत हो गई। यह राज्य उस कार्टेल का गढ़ है जो अमरीका में भारी मात्रा में फेंटानिल और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए जाना जाता है।
इस अभियान के दौरान सैनिकों पर गोलीबारी हुई और मौके पर चार लोग मारे गए। बयान में कहा गया है कि ओसेगुएरा सर्वेंटेस समेत तीन और लोग घायल हुए तथा बाद में उनकी भी मौत हो गई। दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया और बख्तरबंद वाहन, रॉकेट लॉन्चर तथा अन्य हथियार जब्त किए गए। सशस्त्र बलों के तीन सदस्य घायल हो गए जिनका इलाज चल रहा है।
मेक्सिको स्थित अमरीका के दूतावास ने कहा कि यह अभियान द्विपक्षीय सहयोग के अंतर्गत मेक्सिको के विशेष बलों द्वारा चलाया गया था। इसमें अमरीका के अधिकारियों ने खुफिया जानकारी साझा की थी।
एक शक्तिशाली ड्रग सरगना की हत्या के बाद जलिस्को और अन्य राज्यों में कई घंटों तक सड़कों पर जलते वाहनों के साथ नाकाबंदी की गई। इस तरह की रणनीति का इस्तेमाल नशीले पदार्थों के तस्कर सैन्य अभियानों को रोकने के लिए अक्सर करते हैं। जलिस्को में आज के लिए स्कूल बंद कर दिए गए।
अमरीका के विदेश विभाग ने जलिस्को, तामाउलिपास, मिचोआकान, गुरेरो और नुएवो लियोन राज्यों में चल रहे सुरक्षा अभियानों के कारण अमरीकी नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी है।