दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि अगले चार वर्षों में राजधानी में 14 हजार बसों को अंतिम मील कनेक्टिविटी के लिए उतारा जायेगा। आज दिल्ली सचिवालय में एक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस महीने की 31 तारीख तक शहर के 10 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर ई-ऑटो, बाइक टैक्सी और फीडर कैब के पायलट एकीकरण को कार्यान्वित कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार ने नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति के तहत सार्वजनिक चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग पॉइंट्स की संख्या को मौजूदा 9 हजार से बढ़ाकर 36 हजार करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राजधानी की प्रमुख सड़कों और गलियारों पर नियमित धूल दमन के लिए 250 वॉटर स्प्रिंकलर-कम-एंटी-डस्ट मशीनों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि हरियाली बढ़ाने के लिए दिल्ली रिज क्षेत्र में 35 लाख पेड़ लगाए जाएंगे और 365 एकड़ ‘ब्राउन पार्क’ क्षेत्रों को विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से राजधानी को स्वच्छ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।