मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहलगाम आतंकी हमले को देखते हुए अधिकारियों को चारधाम यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत और पुख्ता बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है, तो उसे तुरंत हिरासत में लिया जाए।
आज ‘‘मुख्यमंत्री आवास‘‘ में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेते हुए मुख्यमंत्री ने इस संबंध में आम जनता को भी जागरूक करने की बात कही। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर जारी करने के निर्देश दिए, जिससे आम लोग इस नंबर पर जानकारी साझा कर सकें।
इसके अलावा श्री धामी ने प्रदेश में पाकिस्तानी नागरिकों का चिन्हीकरण कर उनको तत्काल प्रभाव से वापस भेजने की कार्रवाई शुरू करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश में चल रहे सत्यापन अभियान में तेजी लाने के साथ ही किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले लोगों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गलत अभिलेखों के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे लोगों के चिन्हीकरण में भी तेजी लाते हुए उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।