महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि मुंबई में आज 177 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इससे 14 स्थानों पर जलभराव हो गया। राज्य में बारिश और बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में श्री फडणवीस ने नागरिकों को सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों को शाम 4 बजे तक छुट्टी देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शाम साढे छह बजे के बाद चार मीटर की ऊँचाई तक लहरें उठने की संभावना है। राज्य भर में चार लाख हेक्टेयर से अधिक की फसलें प्रभावित हुई हैं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों के संबंध में निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि अलमट्टी बांध का पानी छोड़े जाने के मुद्दे पर कर्नाटक के साथ बातचीत चल रही है।
इस बीच, मौसम विभाग ने मुंबई महानगर क्षेत्र के साथ-साथ रायगढ़ और पालघर के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बृहन्मुंबई नगर निगम- बीएमसी ने आज दूसरी पाली में स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित की है।
बीएमसी आयुक्त और मुंबई पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें और आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर एक नौ एक छह और एक शून्य शून्य पर संपर्क करें। जलभराव को कम करने के लिए पूरे शहर में पंपिंग स्टेशन काम कर रहे हैं।