दिसम्बर 6, 2024 1:15 अपराह्न

printer

महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में कई कार्यक्रम का आयोजन

महाराष्ट्र में, आज महापरिनिर्वाण दिवस पर मुंबई में बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अम्बेडकर के अंतिम विश्राम स्थल चैत्य भूमि पर आने वाली भारी भीड़ को संभालने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। बाबा साहेब  की 68वीं पुण्यतिथि पर आज उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए देश भर से लाखों लोग मुंबई में जुटने की संभावना है।

 

बृहन मुम्बई नगर निगम ने भारी भीड़ को संभालने के लिए अस्थायी पंडाल और आश्रय स्थल बनाने सहित व्यापक तैयारियां की हैं। इनमें नियंत्रण कक्ष स्‍थापित करने के अलावा एम्बुलेंस सेवाएं, पोर्टेबल शौचालय, पेयजल सुविधा, स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए चिकित्सा सुविधाओं की व्‍यवस्‍था की गई है। कुर्ला एलटीटी टर्मिनस और डॉ. आंबेडकर कॉलेज वडाला में परिवहन सेवाएं तथा पेयजल और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं भी प्रदान की गई हैं। नगर निगम ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से आधिकारिक कार्यक्रम के जीवंत प्रसारण की भी व्यवस्था की है। निगम डॉ. आम्बेडकर के जीवन, उपलब्धियों और योगदान का उल्‍लेख करती “भीम तुम्हें वंदना” नामक पुस्तिका की एक लाख निःशुल्क प्रतियां भी वितरित करेगा।

 

महापरिनिर्वाण दिवस पर मध्य प्रदेश में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बाबा साहेब के जन्म स्थान महू में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। महू अम्बेडकर पंचतीर्थों में से एक तीर्थ है। सागर स्थित डॉ. हरिसिंह गौड़ विश्वविद्यालय में मानवाधिकार और सामाजिक न्याय पर एक परिचर्चा आयोजित की जाएगी। इंदौर में अनुसूचित जाति युवाजन समाज ने भी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला