मत्स्य पालन विभाग कल नई दिल्ली में 83 भागीदार देशों के राजदूतों और उच्चायुक्तों के साथ एक गोलमेज सम्मेलन का आयोजन करेगा। सम्मेलन की अध्यक्षता मत्स्य पालन, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन मंत्री राजीव रंजन सिंह करेंगे। इसका उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार को मजबूत करना, समुद्री खाद्य निर्यात को बढ़ावा देना और अंतरराष्ट्रीय बाजार संबंधों को मजबूत करना है।
मत्स्य पालन, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन मंत्रालय ने कहा कि सरकार एशिया, अफ्रीका, यूरोप, उत्तरी अमरीका, ओशिनिया और लैटिन अमरीका तथा कैरेबियन के भागीदार देशों के राजदूतों और उच्चायुक्तों के साथ इस सम्मेलन का आयोजन कर रही है।
मंत्रालय ने बताया कि यह सम्मेलन समुद्री खाद्य व्यापार, बाजार पहुंच, नियामक सहयोग और द्विपक्षीय और बहुपक्षीय साझेदारियों को मजबूत करने के उभरते अवसरों पर एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करता है। सम्मेलन में मूल्यवर्धित समुद्री खाद्य व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ निवेश, संयुक्त उद्यम, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और क्षमता निर्माण के रास्ते तलाशने पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।