भारत ने आज नई दिल्ली में ब्रिटेन और उत्तरी आयरलैंड के साथ सामाजिक सुरक्षा अंशदान से संबंधित एक सामाजिक सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि इस समझौते पर विदेश सचिव विक्रम मिसरी और भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरून ने हस्ताक्षर किए।
मंत्रालय ने कहा है कि इस का उद्देश्य दोनों देशों के उन कर्मचारियों के लिए दोहरे सामाजिक सुरक्षा अंशदान से बचना है जो एक-दूसरे के क्षेत्रों में 36 महीने तक की अस्थायी नियुक्ति पर हैं। मंत्रालय ने कहा कि यह समझौता अल्पकालिक विदेशी नियुक्तियों पर कर्मचारियों की गतिशीलता और निरंतर सामाजिक सुरक्षा कवरेज को सुनिश्चित करेगा। मंत्रालय ने बताया कि यह समझौता ब्रिटेन के साथ भारत के व्यापार समझौते का हिस्सा है और व्यापक आर्थिक व्यापार समझौते के साथ ही प्रभावी होगा।