भारत और अर्जेंटीना ने आज नई दिल्ली में कृषि अनुसंधान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विभिन्न समझौतों पर हस्ताक्षर किए। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और अर्जेंटीना के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल टेक्नोलॉजी के बीच हस्ताक्षरित यह कार्य योजना वर्ष 2025-27 प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, शून्य जुताई, स्थायी कृषि विज्ञान, मशीनीकरण, सूक्ष्म सिंचाई और फर्टिगेशन जैसे क्षेत्रों में सहयोग स्थापित करेगी।
कृषि मंत्रालय ने बताया है कि इस समझौते में जर्मप्लाज्म एक्सचेंज, विशेषज्ञ जुड़ाव और अत्याधुनिक कृषि प्रौद्योगिकियों में प्रशिक्षण भी शामिल होगा। इसमें कहा गया है कि भारत और अर्जेंटीना तिलहन और दलहन मूल्य श्रृंखला, कपास कटाई मशीनरी और ड्रोन सहित कृषि मशीनीकरण में सहयोग को और मजबूत करेंगे।