भारतीय तटरक्षक बल -आईसीजी ने आज पुडुचेरी के कराईकल में आठ अदम्य श्रेणी के तीव्र गश्ती पोतों -एफपीवी में से दूसरे, अक्षर नामक जहाज का जलावतरण किया। 51 मीटर लंबे इस एफपीवी को 60 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री से डिज़ाइन किया गया है, जो सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत भारत की समुद्री क्षमताओं को मज़बूत करता है। इस जहाज का विस्थापन लगभग 320 टन है और यह दो 3000 किलोवाट के डीजल इंजनों से संचालित होता है, जिससे यह 27 समुद्री मील की अधिकतम गति प्राप्त कर सकता है। जहाज अक्षर, तटरक्षक क्षेत्र -पूर्व के कमांडर के प्रशासनिक और परिचालन नियंत्रण में, पुडुचेरी के कराईकल में स्थित होगा। इसे समुद्री क्षेत्रों की निगरानी और अन्य कार्यों के लिए तैनात किया जाएगा। इस पोत को भारतीय रक्षा लेखा सेवा की अपर सचिव दीप्ति मोहिल चावला ने तटरक्षक बल के पूर्वी समुद्री तट के कमांडर अपर महानिदेशक डॉनी माइकल तथा केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में कमीशन किया।
Site Admin | अक्टूबर 4, 2025 8:52 अपराह्न
भारतीय तटरक्षक बल ने कराईकल में ‘अक्षर’ गश्ती पोत का जलावतरण किया